बिहार बोर्ड ने इंटर दाखिला के लिए भरपूर सीटें दी हैं। विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय में भरपूर सीटें हैं। जो भी छात्र मैट्रिक पास हुए हैं, सभी को आसानी से इंटर में दाखिला मिल जाएगा। बोर्ड की मानें तो मैट्रिक में जितने छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, उससे करीब डेढ़ गुणा सीट नामांकन के लिए उपलब्ध है।
बोर्ड के अनुसार इंटरमीडिएट में इस बार 17 लाख दो हजार सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। जबकि मैट्रिक में 12 लाख 93 हजार 54 विद्यार्थी ही उत्तीर्ण हुए हैं। इंटर में कुल सीट में कला संकाय में सात लाख 68 हजार 156 सीटें हैं। वहीं विज्ञान संकाय में सात लाख दो हजार 576 और वाणिज्य संकाय में दो लाख 29 हजार 748 सीटें हैं।
ज्ञात हो कि बोर्ड द्वारा स्कूल और कॉलेजों को विषयवार और संकायवार सीटों पर आपत्ति मांगी गयी थी। स्कूल और कॉलेज को 13 जून तक आपत्ति देनी थी। सोमवार को बोर्ड ने फाइनल विषयवार सूची ओएफएसएस वेबसाइट पर डाल दिया है। विद्यार्थी यहां से देख सकते हैं।
कृषि के लिए हर जिलो में 40 सीटें
हर जिला में कृषि के लिए 40 सीटें आवंटित है। बोर्ड की मानें तो 1520 सीटों पर कृषि संकाय में नामांकन लिया जाएगा। कृषि की सीटों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गयी है। जबकि कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में कई जिलों में सीटें बढ़ी हैं।