UP Police SI Recruitment 2021: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले उन युवाओं को जोर का झटका लगा है, जिन्होंने दरोगा बनने का सपना देखा और जीवन के 28 बसंत पार कर चुके हैं। ओवरएज हो चुके ऐसे अभ्यथिर्यों ने मुख्यमंत्री से दरोगा भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग की है। हजारों अभ्यर्थी आयुसीमा के कारण इस प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं।
प्रतियोगी परीक्षओं की तैयारी करने वाले ऐसे ही एक प्रतियोगी रवि मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोर्टल पर शिकायत की है। रवि ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती 2021 का जो विज्ञापन जारी किया गया है, उसमें आयु 21 वर्ष से 28 वर्ष दी गई है। इसमें आयु की गणना एक जुलाई 2021 से की जा रही है। छात्रों का कहना है कि यह भर्ती कई साल बाद आई है। छात्र इसके लिए वर्षों से इंतजार कर रहे थे। इससे पूर्व 2016 में दरोगा भर्ती का विज्ञापन निकला था। अब पांच साल बाद दरोगा भर्ती का विज्ञापन 2021 में निकला है। ऐसे में आयुसीमा के कारण वे इसमें आवेदन नहीं कर पाएंगे। इसलिए इस भर्ती में आयु सीमा में परिवर्तन किया जाए। 2021 की जगह 2017 से आयुसीमा का निर्धारण किया जाए ताकि इस परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सके।
यह कहानी सिर्फ रवि मिश्र की नहीं है। प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों में तैयारी करने वाले अभ्यर्थी आयु सीमा के कारण इस भर्ती प्रकिया से बाहर हो गए हैं। सभी ने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है। आयु सीमा में बदलाव करने की मांग की है। हजारों अभ्यर्थी सिर्फ आयु सीमा के कारण बाहर हो गए हैं।